विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद से सरकारी बस स्टैंड पर पसरा सन्नाटा

 


भागलपुर, 12 मई (हि.स.)। बिहार में भागलपुर जिले में अवस्थित विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने का असर अब भागलपुर के सरकारी बस स्टैंड पर भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। कभी यात्रियों की भीड़ से गुलजार रहने वाला बस स्टैंड इन दिनों सुनसान नजर आ रहा है।

भागलपुर सरकारी बस स्टैंड से विक्रमशिला सेतु होकर पूर्णिया, बेगूसराय और सिलीगुड़ी समेत कई जगहों के लिए बसों का परिचालन होता था। लेकिन सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद इन रूटों पर बस सेवा ठप हो गई है। बसों का परिचालन बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बस स्टैंड के आसपास के दुकानदारों की रोजी-रोटी पर भी बड़ा असर पड़ा है। दुकानदारों का कहना है कि यात्रियों की आवाजाही बंद होने से कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि मौजूदा हालात कोरोना काल से भी ज्यादा खराब हो चुके हैं। पहले जहां दिनभर लोगों की भीड़ रहती थी, वहीं अब दुकान खोलने के बाद भी ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। उधर यात्री भी वैकल्पिक रास्तों और साधनों के सहारे अपने गंतव्य तक पहुंचने को मजबूर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर