गौ सम्मान अभियान के तहत लोगों के बीच हस्ताक्षर अभियान
अररिया 20 अप्रैल(हि.स.)। भारत में गौ हत्या पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने और गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा को लेकर फारबिसगंज में सोमवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत फारबिसगंज के रेलवे स्टेशन के प्रांगण में कैंप लगाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक मनोज सोनी ने मौके पर कहा कि भारत के समस्त विद्वान संतों के सानिध्य एवं असीम कृपा से गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा एवं गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को लेकर पूरे देशभर में गौ माता के भक्तों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पांच सौ लोगों ने गौ माता के समर्थन में हस्ताक्षर किया है l
उन्होंने कहा जिला में 27 अप्रैल और 27 जुलाई 2026 को सम्मान दिवस मनाया जाएगा। जिसमें जिले से समस्त गौ प्रेमियों द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। श्री सोनी ने कहा गौ सम्मान आह्वान अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि केंद्र सरकार और देश की सभी राज्य सरकारों से राष्ट्रीय और भारतीय संस्कृति के हित में संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से प्रार्थना कर गौ हत्या पर पूरे भारत में पूर्ण प्रतिबंध लगे, गौ हत्या पूर्ण रूप से समाप्त हो, गौ माता की सेवा हेतु केंद्रीय कानून लागू हो और केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय बने, जिससे संपूर्ण भारतवर्ष में समान रूप से गौ सेवा हो सके l
मौके पर बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक मनोज सोनी, श्री राम सेना के उपाध्यक्ष डिंपल चौधरी, सुमित मेहता, पिंटू सोनी, विश्वजीत मंडल, रूपेश मेहता, प्रीतम राजपूत, श्रीकांत मेहता सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर