बगहा के चौतरवा पतिलार की सिद्धि रानी बनीं मुजफ्फरपुर विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक

 




पश्चिम चम्पारण (बगहा), 08 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम चंपारण जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पतिलार गांव की रहने वाली सिद्धि रानी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। साधारण परिवार से आने वाली सिद्धि रानी का चयन मुजफ्फरपुर स्थित विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता की खबर मिलते ही परिवार सहित गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीण और शुभचिंतकों ने सिद्धि रानी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

सिद्धि रानी की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि उनके परिवार की कई पीढ़ियां शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी रही हैं। उनके दादा कृष्णनाथ तिवारी सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक रहे हैं, जबकि उनके पिता अजय कुमार तिवारी शिक्षक हैं। उनकी मां भी शिक्षा और परिवार के प्रति समर्पित रही हैं। परिवार में शिक्षा के माहौल ने सिद्धि को बचपन से ही पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया। मां ने उन्हें हमेशा बेहतर शिक्षा हासिल करने और अपने कैरियर को लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, वहीं पिता ने हर कदम पर उनका साथ दिया।

सिद्धि रानी अपनी सफलता में अपने माता-पिता और शिक्षकों की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण मानती हैं। उनका कहना है कि उनके पिता ने उनके सपनों को पूरा करने में हमेशा सहयोग किया। सिद्धि ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता और उन सभी शिक्षकों को दिया है, जिन्होंने उनके शैक्षणिक सफर में उनका मार्गदर्शन किया।

सिद्धि रानी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर से शुरू की। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय से आगे की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस कॉलेज में हिंदी साहित्य से स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ही हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा के दौरान सिद्धि ने अपने लक्ष्य को लेकर लगातार मेहनत जारी रखी। शिक्षक बनने की ललक और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के संकल्प ने उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप उन्होंने नेट -जेआरएफ की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद सहायक प्राध्यापक के पद पर उनका चयन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी