श्याम महोत्सव पर निकली भव्य निशान शोभायात्रा,जीवंत झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
अररिया 21 दिसम्बर(हि.स.)।फारबिसगंज में श्याम महोत्सव को लेकर रविवार को श्याम परिवार की ओर से भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सिद्धसागर भवन से किया गया। महोत्सव को लेकर निकाले गए निशान यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर यात्रा के दौरान श्री खाटू श्याम को विराजित कर आकर्षक रूप से सजाया संवारा गया। जिसे रथ में स्थापित कर गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल भक्तों ने जहां जमकर श्री श्याम बाबा का जयकारा लगाया। वहीं भक्त थिरकते नजर आए। निशान यात्रा के दौरान शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
उल्लेखनीय हो कि शहरी क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों में खाटू के बाबा श्री श्याम के भक्तों की बड़ी संख्या है। निशान यात्रा में श्री श्याम बाबा की भव्य झांकी सजाई गई थी। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु अपने अपने हाथों में श्याम ध्वज लेकर शामिल हुए। इस दौरान श्याम बाबा के जयकारे एवं भजनों से पूरा शहर गूंजता रहा।जहां निशान यात्रा में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते थिरकते नजर आए। निशान यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः सिद्धसागर भवन पहुंचकर संपन्न हुआ।शोभायात्रा में राम सीता, हनुमान, राधा कृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी।
शोभायात्रा में स्थानीय विधायक मनोज विश्वास, नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी,उपमुख्य पार्षद नूतन भारती,पार्षद बुलबुल यादव,पार्षद मनोज सिंह सहित श्याम परिवार के श्याम परिवार के अध्यक्ष श्यामसुंदर माहेश्वरी,दिनेश भूपाल,योगेश भूपाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं-पुरुष व बच्चे शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर