एसएससी सीजीएल परीक्षा में सफलता हासिल कर एक्साइज इंस्पेक्टर बना शुभम राज
-प्रथम प्रयास में महज 22 वर्ष में पाई सफलता
पूर्वी चंपारण,09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पीपराकोठी प्रखंड क्षेत्र के बेलवतिया गांव निवासी 22 वर्षीय शुभम राज ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर एसएससी सीजीएल परीक्षा में सफलता हासिल कर एक्साइज इंस्पेक्टर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुभम, स्वर्गीय उमेश कुमार सिन्हा और माता ललिता सिन्हा के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
गौरतलब हो कि शुभम ने प्रथम प्रयास में महज 22 वर्ष के वेतन स्तर सात के एसएससी सीजील परीक्षा उत्तीर्ण कर कस्टम विभाग में एक्शाइज इंस्पेक्टर के पद पर सफलता पाया है। शुभम अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई सत्यम श्रीवास्तव को देते हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।
शुभम बचपन से ही एक मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान निरंतर परिश्रम किया और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य से कभी भटके नहीं। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लोगों में गर्व और खुशी है।
परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने शुभम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शुभम की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो यह दर्शाती है कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार