श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव की तैयारी को लेकर इस्कॉन प्रबंधकारिणी की बैठक सम्पन्न

 


बक्सर 2 जुलाई (हि.स.)। आगामी श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के आयोजन को लेकर पड़री स्थित इस्कॉन मंदिर प्रबंधकारिणी समिति की बैठक गोयल धर्मशाला में आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता इस्कॉन मंदिर, पड़री, बक्सर के प्रबंधक राजा गोविंद दास ने की। जबकि संचालन शिक्षाविद् सह समाजसेवी एवं इस्कॉन मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य डॉ. रमेश कुमार ने किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 17 जुलाई, शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की पावन रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ निकाली जाएगी।

रथ यात्रा का शुभारंभ गोलंबर स्थित हनुमान मंदिर, बक्सर से होगा तथा विभिन्न मार्गों से होते हुए इसका समापन गोयल धर्मशाला में किया जाएगा। यह रथयात्रा पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा भव्य होगा।

बैठक के दौरान रथ यात्रा के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

आयोजन समिति ने नगरवासियों से इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा सहयोग प्रदान करने की अपील की।

रथ यात्रा महोत्सव के संरक्षक रोहतास गोयल एवं बबन सिंह ने कहा कि यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से महोत्सव को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।

बताया गया कि महोत्सव में बक्सर के विभिन्न मठ-मंदिरों के महंत एवं पूजारियों के साथ-साथ राजनेताओं, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा।

बैठक में प्रमुख रूप से ओंकार दास, शैलेन्द्र सिंह, विकास यादव, रंजीत कुमार, आकाश कुमार, संतोष कुमार, प्रेम प्रकाश ओझा, जितेन्द्र मिश्रा एवं राहुल कुमार उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra