श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर पूजा पंडालों और मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

 


अररिया 05 सितम्बर(हि.स.)। अररिया सहित फारबिसगंज के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर में विभिन्न पूजा समिति की ओर से भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कर उनमें प्रतिमा स्थापित की गई है।

वहीं शहर के विभिन्न मंदिरों और देवस्थलों पर भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर विशेष पूजा अर्चना की गई।

मंदिरों को भव्य रूप से बैलून और अन्य सजावट के समानों के साथ भव्य तरीके से सजाया गया। मध्य रात्रि को श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर विशेष पूजा अर्चना हुई।दिनभर उपवास के बाद श्री कृष्ण जन्मोत्सव के बाद प्रसाद के साथ व्रतियों ने अपना पारण किया।

फारबिसगंज के राजेंद्र चौक पर नवनीत पूजा समिति,शिवाजी चौक पर शिवाजी पूजा समिति, गोढ़ियारे में सिंह दरबार, अस्पताल रोड में पूजा समिति के द्वारा भव्य पूजा पंडाल के साथ भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा उनके लीला के साथ स्थापित की गई है जिसके दर्शन के लिए पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस बलों की तैनाती पूजा पंडालों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर विधि व्यवस्था संधारण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर की गई।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर कई स्थानों पर दही हांडी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जहां प्रतिभागियों ने लम्बवत मानव श्रृंखला बनाकर दही की हांडी को फोड़ा।

विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।मौके पर जगह जगह मेला का भी आयोजन किया गया है, जहां बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु आनंद लेते देखे गए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर