आस्था का सैलाब, अंतिम सोमवारी पर गेरुआ रंग में रंगा सुल्तानगंज, बोल-बम के जयकारों के साथ देवघर रवाना हुए लाखों कांवड़िए
भागलपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। पवित्र सावन महीने की चौथी और अंतिम सोमवारी के अवसर पर सुल्तानगंज में श्रद्धा और आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। नमामि गंगे घाट से लेकर ऐतिहासिक अजगैबीनाथ गंगा घाट तक, जहां भी नजर जा रही थी, सिर्फ और सिर्फ शिव भक्तों का हुजूम दिखाई दे रहा था।
अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया, जिससे पूरा सुल्तानगंज इलाका गेरुआ रंग में रंग गया है। चारों तरफ 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के गगनभेदी जयकारे गूंज रहे हैं। देश के कोने-कोने से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने सुबह से ही पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद संकल्प कराकर कांवड़ में गंगाजल भरा और कतारबद्ध होकर बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित करने के लिए देवघर की ओर रवाना हुए।
भीड़ को देखते हुए गंगा घाटों पर सुबह से ही कांवड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। अंतिम सोमवारी होने के कारण श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था। कांवरियों के जत्थे नाचते-झूमते बाबा धाम की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। बोल-बम के नारों से पूरा सुल्तानगंज शिवमय हो गया है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और कांवड़ियों की सुविधा के लिए घाटों से लेकर कांवड़िया पथ तक पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर