सावन में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, कछुए पर सवार महाकाल के अनोखे कांवर से श्रद्धालुओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का
भागलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। सावन के पावन महीने में देश के कोने-कोने से शिव भक्तों (कांवारियों) का हुजूम सुल्तानगंज पहुंचने लगा है। पूरा क्षेत्र 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से गुंजायमान है।
सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर आस्था, विश्वास और भक्ति का एक अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए लाखों श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर (झारखंड) के लिए रवाना हो रहे हैं।
इस वर्ष सुल्तानगंज से देवघर जाने वाले कच्ची कांवरिया पथ पर एक बेहद ही अनोखा और भव्य कांवर सभी श्रद्धालुओं के लिए भारी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पटना के मछुआटोली से आए 'मल्लाह कांवरिया संघ' के शिव भक्तों ने एक अद्भुत कांवर तैयार किया है। इस कांवर में जीव-जंतुओं के संरक्षण को दर्शाते हुए एक विशालकाय कछुए की आकृति बनाई गई है, जिसके ऊपर भगवान महाकाल (शिव) को विराजमान किया गया है। कछुए पर सवार महाकाल की इस झांकीनुमा कांवर को देखने के लिए रास्ते में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
इस यात्रा की सबसे खास बात यह है कि ये शिव भक्त केवल धार्मिक अनुष्ठान के लिए नहीं, बल्कि समाज को एक बड़ा संदेश देने के लिए पैदल यात्रा कर रहे हैं। मल्लाह कांवरिया संघ के सदस्यों ने बताया कि वे इस आकर्षक कांवर के माध्यम से देशवासियों को पर्यावरण को सुरक्षित रखने और विलुप्त होते जीव-जंतुओं के संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।
कांवर लेकर जा रहे उत्साहित श्रद्धालुओं ने कहा, भोलेनाथ सृष्टि के कण-कण में वास करते हैं। वे प्रकृति और सभी जीव-जंतुओं से समान रूप से प्यार करते हैं। ऐसे में पर्यावरण को बचाना और बेजुबान जीवों की रक्षा करना हम सभी मनुष्यों की परम जिम्मेदारी है। हम बाबा भोलेनाथ से यही प्रार्थना करने जा रहे हैं कि वे सबको सद्बुद्धि दें ताकि हमारी धरती हरी-भरी और सुरक्षित रहे।
गंगाधाम (सुल्तानगंज) से बाबाधाम (देवघर) के करीब 105 किलोमीटर लंबे इस कठिन रास्ते पर शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। पैरों में छाले और मौसम की मार भी इन श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं पा रही है। रंग-बिरंगे और रचनात्मक कांवरों के साथ झूमते-गाते शिव भक्तों की टोलियां इस यात्रा को बेहद खास बना रही हैं।
प्रशासन की ओर से भी कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि देश भर से आ रहे इन श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर