श्रावणी मेला के लिए आसनसोल-गोरखपुर के बीच प्रतिदिन चलेगी अनारक्षित विशेष ट्रेन
सीवान, 21 जुलाई (हि.स.)। श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए आसनसोल-गोरखपुर-आसनसोल श्रावणी मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन (03527/03528) चलाने का निर्णय लिया है।
यह विशेष ट्रेन आसनसोल से 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन तथा गोरखपुर से 30 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन कुल 32 फेरों के लिए संचालित होगी।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 03527 आसनसोल-गोरखपुर श्रावणी मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन आसनसोल से रात 9:00 बजे प्रस्थान करेगी।
यह ट्रेन चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, जमुई, किऊल, बरौनी, बछवारा, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, सोनपुर, दिघवारा, छपरा, सीवान सुबह 8:35 बजे तथा देवरिया सदर होते हुए सुबह 11:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में 03528 गोरखपुर-आसनसोल श्रावणी मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन गोरखपुर से शाम 4:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन देवरिया सदर, सीवान शाम 6:35 बजे, छपरा, दिघवारा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बछवारा, बरौनी, किऊल, जमुई, झाझा, जसीडीह, मधुपुर और चित्तरंजन होते हुए अगले दिन सुबह 8:20 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
रेल प्रशासन के अनुसार इस विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 20 कोच तथा एसएलआरडी के 2 कोच सहित कुल 22 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे, जिससे श्रावणी मेले में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma