बक्सर प्रशासन एक्शन मोड में, श्रावणी मेला से लेकर जनता दरबार और सोलर योजना तक तैयारियां तेज

 


बक्सर, 19 जुलाई (हि.स.)। जिला पदाधिकारी साहिला ने समाहरणालय में लगातार कई महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकें कर प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नदी-घाटों पर बैरिकेडिंग, पेयजल, टेंट, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेला अवधि में मंदिरों के आसपास मांसाहार की दुकानों के संचालन पर रोक लगाने और महिला, बच्चों व बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने को कहा गया।

वही जनता दरबार की समीक्षा में डीएम ने लंबित आवेदनों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर जोर दिया। बताया गया कि अब तक 1774 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 892 का निष्पादन हो चुका है, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

बैठक में 20 जुलाई से शुरू होने वाले 'प्रभाकिरण अभियान' की भी समीक्षा की गई। इस अभियान के तहत जिले की सभी 136 पंचायतों और पांच नगर निकायों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां पंजीकरण, तकनीकी परामर्श और बैंकिंग सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए डीएम ने अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र परिवारों को 15 अगस्त को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र वितरण की तैयारी, दाखिल-खारिज, मापी, भू-लगान और अन्य लंबित राजस्व मामलों का एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra