श्रावणी पूर्णिमा को लेकर स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद, गोरखनाथ धाम मंदिर परिसर में डॉक्टरों की ड्यूटी तय

 


कटिहार, 16 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर आजमनगर प्रखंड के गोरखपुर पंचायत स्थित प्रसिद्ध बाबा गोरखनाथ धाम शिव मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बारसोई अनुमंडल दंडाधिकारी के निर्देशानुसार स्वास्थ्य केंद्र, आजमनगर द्वारा मंदिर परिसर में विशेष चिकित्सीय दल की तैनाती की गई है।

जिले के मनिहारी गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर गोरखनाथ धाम पहुंचने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की चिकित्सा सुविधा के लिए यह व्यवस्था 16 अगस्त रात्रि 08 बजे से 17 अगस्त सुबह 06 बजे तक एवं 23 अगस्त को रात्रि 08 बजे से 24 अगस्त सुबह 06 बजे तक प्रभावी रहेगी, क्योंकि इस दौरान यहां अपार भीड़ होती है और श्रद्धालु रात्रि विश्राम के बाद सोमवार को जलाभिषेक करते हैं। इस विशेष चिकित्सा दल में डॉ. जाहीद आलम, अशोक कुमार (सीएचओ, निमौल) और कृष्ण कुमार प्रजापति (जीएनएम खुरियाल) को प्रतिनियुक्त किया गया है।

इसके अलावा मंदिर परिसर में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जीवन रक्षक औषधियां और एम्बुलेंस की अनिवार्य रूप से उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके तहत औषधि भंडारपाल को जीवन रक्षक दवाओं के साथ-साथ ब्लीचिंग पाउडर की आपूर्ति करने तथा 102 एम्बुलेंस कर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह