विधायक जन संपर्क कार्यालय में मनाई गई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती

 


अररिया 02 अक्टूबर(हि.स.)।फारबिसगंज सुभाष चौक स्थित विधायक जनसंपर्क कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को मनाई गई।

इस अवसर पर विधायक मनोज विश्वास सहित कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री केवल इतिहास के पन्नों में दर्ज दो महान नाम नहीं हैं, बल्कि उनके विचार आज भी देश और समाज को दिशा देने वाले जीवंत आदर्श हैं।

महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, त्याग और मानवता के माध्यम से देशवासियों को एकजुट होने का मार्ग दिखाया, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी सादगी, ईमानदारी, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सार्वजनिक जीवन में एक ऐसी मिसाल कायम की, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत रहेगी।

उन्होंने कहा कि फारबिसगंज की धरती हमेशा से आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एकता की पहचान रही है। यहां अलग-अलग समुदायों और वर्गों के लोग वर्षों से एक-दूसरे के सुख-दुःख में साथ खड़े होते आए हैं। ऐसे समय में महात्मा गांधी जी का सत्य, अहिंसा और सद्भाव का संदेश फारबिसगंज के सामाजिक जीवन के लिए और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

उन्होंने कहा कि मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए; समाज की असली ताकत एक-दूसरे का सम्मान करने और साथ लेकर चलने में है।बापू से हमें सत्य और अहिंसा की शक्ति मिलती है, तो शास्त्री जी का जीवन हमें सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का पाठ पढ़ाता है। फारबिसगंज की जनता के बीच रहकर जनसेवा करना, समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना और जरूरतमंदों की आवाज को मजबूती से उठाना ही हमारी प्राथमिकता है। आज के समय में समाज को जोड़ने वाली राजनीति और जनसेवा की आवश्यकता है, तोड़ने वाली सोच की नहीं। हमें बापू के बताए प्रेम, शांति और सद्भाव के रास्ते तथा शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेकर फारबिसगंज को और मजबूत, समृद्ध एवं सामाजिक रूप से एकजुट बनाने की दिशा में काम करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर