भारी मात्रा में शराब व बाइक के साथ दो धंधेबाज गिरफ्तार
बेतिया, 18 अगस्त (हि.स.)। नौतन पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर 108 लीटर विदेशी शराब व बियर के साथ दो बाईक को जब्त किया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने दो धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए धंधेबाजों में मझौलिया का मिथुन कुमार व बैरिया तिवारी टोला का प्रदीप मुखिया बताया गया है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना पर नौतन मुख्य मार्ग में बनकटवा पिपल चौक से 42 लीटर वियर जब्त किया गया। जहां पुलिस को देख धंधेबाज वियर फेंक फरार हो गया।
वहीं खैरा टोला मुसहरी गांव में छापेमारी कर मझौलिया निवासी मिथुन कुमार को बाइक व 49.680 लीटर शराब के साथ दबोचा गया।वहीं पांडेय टोला में छापेमारी कर 19.6 लीटर विदेशी शराब व बाइक सहित बैरिया निवासी प्रदीप मुखिया को पकड़ा गया।
साथ ही बन्हौरा में छापेमारी कर आम के बगीचे से 17.280 लीटर शराब जब्त किया गया। पुलिस मामले में अलग-अलग चार कांड अंकित कर धंधेबाजों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही फरार धंधेबाजों की पहचान में पुलिस जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक