सुपौल में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति राख, गाय की मौत

 


सुपौल, 11 जुलाई (हि.स.)।

सदर थाना क्षेत्र के गौठबरुआरी पंचायत स्थित जगतपुर गांव में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत और जमा-पूंजी को पलभर में राख कर दिया।

इस अग्निकांड में आवासीय घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं मवेशी घर में बंधी एक गाय की झुलसकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए।पीड़ित अशोक कामत ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सो रहे थे।

इसी दौरान बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर और मवेशी शेड को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के लोग किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे और शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, आवश्यक दस्तावेज तथा अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए।शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर जिला परिषद सदस्य रजनीश कुमार सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर पीड़ित परिवार को सरकारी आपदा राहत एवं अन्य आवश्यक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि अग्निकांड में परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

प्रशासन को नुकसान का शीघ्र आकलन कर नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार सामान्य जीवन की ओर लौट सके।वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि घर का लगभग पूरा सामान नष्ट हो जाने से दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अविलंब राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र