शॉर्ट सर्किट से तीन घरों में लगी आग, ढाई लाख की संपत्ति जली

 




सुपौल, 14 नवंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड के पथरा उत्तर पंचायत के वार्ड नंबर 2 स्थित राम टोला दसियाबही में शनिवार सुबह करीब 11 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।

आग रामकुमार राम और श्याम कुमार राम के घर में लगी और देखते ही देखते आसपास के तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण घर में रखा सामान बाहर नहीं निकाला जा सका।

परिजनों के अनुसार, अगलगी में पलंग, साड़ियां, साउंड सिस्टम, दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी नथुनी, कान की दो बालियां समेत मकान निर्माण के लिए रखे एक लाख रुपये नकद जल गए। इसके अलावा पांच कट्ठा जमीन से जुड़े जरूरी कागजात भी आग की भेंट चढ़ गए। अगलगी में करीब ढाई लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।

बताया गया कि परिवार में कुल 11 सदस्य हैं। दोनों भाई परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य हैं। अगलगी के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

आग लगने के बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार, दमकल की टीम करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था।

घटना की जानकारी पिपरा के राजस्व अधिकारी (आरओ) को भी फोन पर दी गई। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किए जाने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र