जल के एक बूंद के लिए तरस रहे दर्जनों परिवार
भागलपुर, 20 मार्च (हि.स.)। जिले के सबौर प्रखंड स्थित सरधो पंचायत के बड़ी इब्राहिमपुर वार्ड नं 13 के दर्जनों परिवार आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण योजना हर घर नल जल योजना यहां धाराशाही होती नजर आ रही है। वर्षों से यहां के अभावग्रस्त परिवार नल के जल की एक एक बूंद के लिए तरस रहे हैं।
ग्रामीण कहते हैं कि प्रसूति महिलाओं के लिए यहां एंबुलेंस तक नहीं आ सकती। नाले की स्थिति भी जर्जर है। इससे यहां संक्रामक बीमारी होने की खतरा मंडरा रहा है। कोई भी जनप्रतिनिधि की नजर ऐसे परिवार पर क्यों नहीं है यह सोचनीय विषय है। इस मामले पर जब सरधो पंचायत के मुखिया विपिन कुमार निराला से दूरभाष पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि नल जल योजना हमारे हाथ से बाहर की चीज है। अब यह पीएचडी के पास चला गया है। मैंने भी तीन बार जेई और अन्य पीएचडी के पदाधिकारियों से इसकी शिकायत की है। परन्तु ढाक के तीन पात वाली कहावत चरितार्थ हो रही है।
अब आप खुद सोच सकते हैं कि पंचायत के मुखिया की शिकायत भी पदाधिकारियों के पल्ले क्यों नहीं पड़ती? पर एक बात अवश्य है कि वार्ड 13 के दर्जनों परिवार वर्षों से नरकीय जीवन जी रहे हैं। इसपर स्थानीय प्रतिनिधि के साथ साथ सांसद और विधायक को भी विशेष पहल करनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर