गुटखा उधार नहीं देने पर दुकान में लगाई आग

 


भागलपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भीमकित्ता चौक पर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां उधार में गुटखा नहीं देने पर कुछ युवकों ने एक जेनरल स्टोर में आग लगा दी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है,जिसे दुकानदार ने पुलिस को सौंप दिया है।

पीड़ित दुकानदार टिंकू चौधरी के अनुसार बीते रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान राजू चौधरी, मनोज चौधरी, विशाल चौधरी, रंजन चौधरी और आदित्य चौधरी वहां पहुंचे और गुटखा उधार मांगने लगे। जब दुकानदार ने मना किया तो सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।

दुकानदार ने बताया कि इसके कुछ घंटे बाद देर रात करीब एक बजे आरोपित दोबारा लौटे और दुकान में आग लगा दी। आग लगने से दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया जिससे भारी नुकसान हुआ। मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने बताया कि पीड़ित के आवेदन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांचों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर