कटिहार रेल अस्पताल को मिली अत्याधुनिक'शॉकवेव थेरेपी यूनिट की सौगात
कटिहार, 13 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफ रेलवे) महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष शालिनी श्रीवास्तव ने कटिहार रेल अस्पताल में अत्याधुनिक 'एक्स्ट्रा कॉर्पोरियल शॉकवेव थेरेपी यूनिट' का विधिवत उद्घाटन किया। इस आधुनिक चिकित्सा यूनिट के मरीजों की सेवा में समर्पित होने से रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे रेलकर्मियों में काफी हर्ष व्याप्त है।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वी. दामोदर राज ने इस दौरान जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष उपकरण एनएफ रेलवे महिला कल्याण संगठन की दूरदृष्टि और सेवा भावना का परिचायक है। यह आधुनिक थेरेपी जोड़ों और मांसपेशियों के पुराने दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए वरदान साबित होगी, जिससे उन्हें बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर कटिहार मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा निवेदिता नरह ने कहा कि एनएफ रेल महिला समिति की अध्यक्षा शालिनी श्रीवास्तव के प्रेरणादायी नेतृत्व में उठाया गया यह कदम रेल परिवारों के जीवन स्तर और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। वक्ताओं ने श्रीमती श्रीवास्तव की सक्रियता, दूरदर्शी सोच और रेलवे समुदाय के कल्याण के प्रति उनके असीमित समर्पण की खुलकर सराहना की।
उल्लेखनीय है कि उनके कुशल नेतृत्व में संगठन ने न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र में, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यालय और मंडल की सभी महिला पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह