अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन नए स्वरूप में तैयार
भागलपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। देशभर में आधुनिक, सुगम एवं यात्री-केंद्रित रेलवे स्टेशनों के विकास के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को साकार करते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के अंतर्गत स्थित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक पुनर्विकास किया गया है। पुनर्विकसित स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी समाहित करता है तथा सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मालदा मंडल के साहिबगंज–भागलपुर रेलखंड पर स्थित एनएसजी-5 श्रेणी का शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन, बिहार के भागलपुर जिले के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क केंद्र है। राष्ट्रीय राजमार्ग-80 के निकट स्थित यह स्टेशन प्रतिदिन हजारों यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों एवं व्यवसायियों को महत्वपूर्ण रेल संपर्क उपलब्ध कराता है। यह क्षेत्र अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा भारत की सिल्क सिटी के नाम से प्रसिद्ध भागलपुर की निकटता के लिए जाना जाता है, जो अपनी सदियों पुरानी रेशम बुनाई की परंपरा के लिए विश्वविख्यात है। पुनर्विकसित स्टेशन से यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि होगी, क्षेत्रीय आवागमन को गति मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं रोजगार तक लोगों की पहुँच और अधिक सुगम होगी विकसित भारत के भारतीय रेल के दृष्टिकोण के अनुरूप शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 17.94 करोड़ की स्वीकृत लागत से पुनर्विकसित किया गया है ।
इस परियोजना का उद्देश्य यात्री सुविधाओं का विस्तार, सुगम पहुँच सुनिश्चित करना, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना तथा स्टेशन परिसर को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है, साथ ही क्षेत्र की स्थानीय पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। स्टेशन की वास्तुकला को भागलपुर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के अनुरूप विकसित किया गया है, जिससे यह आधुनिक यात्री सुविधाओं और स्थानीय परंपरा का उत्कृष्ट संगम प्रस्तुत करता है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर आधुनिक अग्रभाग (फसाड), कॉन्कोर्स एवं बुकिंग काउंटरों का उन्नयन प्रतीक्षालय, रिजर्व लाउंज एवं शौचालयों का आधुनिकीकर नए सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्किंग क्षेत्र का विकास, यात्रियों के सहज मार्गदर्शन हेतु आधुनिक एवं उन्नत संकेतक (साइनेज) की व्यवस्था स्टेशन भवन एवं सर्कुलेटिंग क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था यात्रियों की सुविधा के लिए 02 यात्री लिफ्टों की व्यवस्था। दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित विकास। शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन अब आधुनिक अवसंरचना एवं उन्नत सुविधाओं के साथ यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इन सुविधाओं से यात्रियों को बेहतर आराम, सहज आवागमन तथा उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएँ उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं की प्रभावी पूर्ति हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर