बिहार के पूर्णिया से शुरू ‘शौर्य वंदन साइकिल यात्रा’ कल पहुंचेगी तवांग
पूर्णिया, 19 मार्च (हि.स.)।
देश के वीर सैनिकों के सम्मान में पूर्णिया से तवांग तक निकाली जा रही ‘शौर्य वंदन साइकिल यात्रा’ को सशस्त्र सीमा बल की 61वीं वाहिनी, भैरवकुंड से 73वीं वाहिनी, सेरगांव तक सुरक्षा एस्कॉर्ट प्रदान किया गया। इस दौरान एसएसबी के जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की और उनका उत्साहवर्धन किया।
यात्रा शहीदों और वीर सैनिकों के त्याग व बलिदान को नमन करने के साथ-साथ युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और जागरूकता का संदेश दे रही है। इसमें शामिल प्रमुख राइडरों में विजय शंकर, सतीश चौबे, प्रियांशू दत्त, राजीव रंजन और राकेश कुमार पवन शामिल हैं।
यात्रा के अगले चरण में टीम का ठहराव दिरांग स्थित 30वीं वाहिनी एसएसबी कैंप में होगा, जो वेस्ट कामेंग जिला में पड़ता है। यहां से अगले दिन टीम तवांग के लिए रवाना होगी। दिरांग से तवांग की दूरी लगभग 160 किलोमीटर है।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया से निकली साइकिलिंग टीम 19 मार्च को तवांग पहुंच जाएगी। करीब 955 किलोमीटर की यह लंबी यात्रा, जो सैनिकों के सम्मान में पूर्णिया के साइकिल स्टोर के माध्यम से शुरू की गई थी, अपने समापन की ओर है।
प्रतिभागियों ने बताया कि यह यात्रा केवल एक साइकिल अभियान नहीं, बल्कि देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक यात्रा का सफल समापन पूर्णिया सहित पूरे बिहार के साइकिलिंग और खेल जगत के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।
‘शौर्य वंदन साइकिल यात्रा’ न सिर्फ युवाओं में देशभक्ति की भावना जगा रही है, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का भी संदेश देते हुए अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह