सारण में शौर्य संबंध कार्यक्रम का हुआ आयोजन सैनिकों व आश्रितों का हुआ सम्मान
सारण, 29 जुलाई (हि.स.)। बिहार रेजिमेंटल सेंटर द्वारा शौर्य संबंध जनसंपर्क कार्यक्रम का छपरा स्थित प्रेक्षा गृह में आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वीर सैनिकों, उनके आश्रितों तथा युद्ध विधवाओं के प्रति सम्मान प्रकट करना और उनसे सीधा संवाद स्थापित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के अद्वितीय साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए हुई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उनके त्याग और समर्पण की बदौलत ही देश सुरक्षित है।
संवाद के दौरान प्रशासन ने वीर सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याओं व सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्धता जताई। साथ ही, उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिलाधकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, बिहार रेजिमेंटल सेंटर के अधिकारी तथा पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सारण पुलिस ने अपनी इस पहल के माध्यम से जवानों और उनके परिवारों की सेवा व सुरक्षा के प्रति अपना संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार