शहजाद हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, डायल-112 के एसआई निलंबित
सीवान, 03 जून (हि.स.)। बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में युवक शहजाद अली की पीट-पीटकर हत्या के मामले में सिवान पुलिस ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने मामले की समीक्षा के बाद डायल-112 पर तैनात एक पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि दो गृहरक्षकों के अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसपी ने बताया कि बड़हरिया थाना कांड संख्या 230/26 की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि 30 मई को डायल-112 पर तैनात पुलिस पदाधिकारी पु.अ.नि. संजीव कुमार को शिवराजपुर गांव में एक कथित चोर को ग्रामीणों द्वारा पकड़कर रखने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पर पहुंचे भी, लेकिन युवक को भीड़ के कब्जे से मुक्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में लेने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उसे वहीं छोड़कर वापस लौट गए।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद भीड़ ने युवक शहजाद अली के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस पदाधिकारी की ओर से कर्तव्य के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और पुलिस दायित्वों के पालन में चूक सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी पूरन कुमार झा ने पु.अ.नि. संजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, सिवान निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा डायल-112 में ड्यूटी पर तैनात गृहरक्षक नंदजी यादव और मुक्तिनाथ के विरुद्ध अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा गया है। वहीं बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार से भी 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि सीवान पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कर्तव्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma