शॉर्ट सर्किट से तीन घर खाक, लाखों की संपत्ति स्वाहा
बेतिया, 21 अप्रैल (हि.स.)। लौरिया ब्लॉक के धोबनी पंचायत अंतर्गत बेलवा रमौली गांव में मंगलवार की सुबह बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगने से तीन टाट-फूस के मकान जलकर राख हो गए। वार्ड संख्या 1 निवासी मोटर राम के पुत्र सुरेंद्र राम, शिवनाथ राम और छोटे लाल राम के घर आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घरों में रखा पलंग, गेहूं, चावल, कपड़े, तीन पंखे सहित लाखों की संपत्ति स्वाहा हो गई।
सूचना मिलते ही नरकटियागंज और लौरिया की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। पीड़ित शिवनाथ राम ने बताया कि घटना के समय अधिकांश परिजन बाहर थे। मुखिया प्रतिनिधि सुरेंद्र राम ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक