900 से अधिक विद्यालयों में गूंजी ‘मेरे सपनों का भारत’ की कल्पना

 




बक्सर, 26 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को जिले के 900 से अधिक प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विपरीत मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर विकसित, आत्मनिर्भर, शिक्षित और स्वच्छ भारत की अपनी कल्पना को कागज पर उकेरा और भाषण के माध्यम से अपने विचार रखे।

इसी क्रम में सिमरी प्रखंड के डुमरी मंडल स्थित मध्य विद्यालय खरहाटांड में भाजपा जिला मंत्री संध्या पाण्डेय की मौजूदगी में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज के बच्चे ही देश के भविष्य हैं। बच्चों के मन में राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास की सोच विकसित होने से मजबूत भारत की नींव तैयार होगी।

अभियान के दौरान शिक्षकों एवं कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय स्तर पर पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के जिला संयोजक अमरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि जिला संगठन और जिला शिक्षा विभाग के बेहतर समन्वय से जिले के 900 विद्यालयों में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को निखारने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण की सोच से जोड़ना है। विभिन्न विद्यालयों में प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभियान से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra