बक्सर में सेवा, संकल्प व समर्पण के 100 दिन पूरे होने पर जिले के छह शिक्षक हुए सम्मानित
बक्सर, 25 जुलाई (हि.स.)।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिले के छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षकों में राजकीय +2 उच्च विद्यालय, डुमरांव के हिंदी शिक्षक विमल कुमार सिंह, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बिझौरा के राजेश राय, +2 उच्च विद्यालय कठार के कंप्यूटर शिक्षक रवि प्रकाश, उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी के प्रधान शिक्षक धनंजय मिश्रा, मध्य विद्यालय धनहा की शिक्षिका सुगंधा कुमारी तथा मध्य विद्यालय ब्रह्मपुर की शिक्षिका नूपुर शामिल हैं।
इन शिक्षकों को बेहतर कक्षा संचालन, शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, समावेशी शिक्षा के मानकों के अनुरूप शिक्षण तथा गैर-शैक्षणिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला पदाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनन्या, रजनीश झा, सुरेश प्रसाद, एपीओ राम भजन, डायट डुमरांव के प्राचार्य मनीष कुमार पांडेय, व्याख्याता नवनीत कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों, समाजसेवियों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra