बच्चों के सपनों से बनेगा विकसित भारत : सांसद
अररिया 05 अक्टूबर(हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम के तहत सोमवार को आरएस स्थित मोहनी देवी मेमोरियल स्कूल में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने शामिल होकर प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बच्चों ने अपने ओजपूर्ण, प्रभावशाली और विचारोत्तेजक भाषणों के माध्यम से वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना प्रस्तुत की। किसी ने आत्मनिर्भर भारत का सपना रखा तो किसी ने आधुनिक शिक्षा, विज्ञान-तकनीक, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और युवा शक्ति के माध्यम से भारत को विश्व पटल पर अग्रणी राष्ट्र बनाने की बात कही।
बच्चों के विचारों में आत्मनिर्भर, समृद्ध, शिक्षित, सशक्त और विश्वगुरु भारत की स्पष्ट तस्वीर दिखाई दी। नन्हे वक्ताओं के आत्मविश्वास, प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके उत्साह ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि 2047 का विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में आज के बच्चों और युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों में जिस भारत की तस्वीर दिखाई दे रही है, वही आने वाले समय के भारत की नींव है।
उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर