सर्वर डाउन रहने से मायागंज अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था चरमराई, डेढ़ घंटे मरीज रहे परेशान

 


भागलपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। मायागंज अस्पताल भागलपुर (जेएलएनएमसीएच) की ओपीडी में सोमवार को सर्वर डाउन रहने से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 9 बजे से 10.30 बजे तक सर्वर ठप रहने के कारण पंजीकरण और अन्य ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रहीं।

इस दौरान इससे ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे मरीजों की लंबी कतार लग गयी। सर्वर ठप होने के कारण मरीजों का निबंधन समय पर नहीं हो सका। कई मरीजों को काउंटर के बाहर इंतजार करना पड़ा।

करीब डेढ़ घंटे बाद सर्वर चालू होने पर पंजीकरण का कार्य शुरू हुआ, लेकिन तब तक बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच चुके थे। इससे दोपहर तक ओपीडी में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ रही और मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि सर्वर बहाल होने के बाद लंबित पंजीकरण तेजी से किया गया, ताकि मरीजों को जल्द से जल्द चिकित्सकों तक पहुंचाया जा सके. हालांकि, सुबह आई तकनीकी समस्या का असर दोपहर तक ओपीडी व्यवस्था पर देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर