सेवा सेतु शिविर में 14 काउंटर लगाने का दावा, मौके पर सिर्फ जीविका का बोर्ड

 


सुपौल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में बुधवार को सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना था। हालांकि, शिविर में प्रशासनिक दावों और जमीनी हकीकत में अंतर देखने को मिला। प्रखंड कार्यालय की ओर से विभिन्न योजनाओं के लिए 14 काउंटर लगाए जाने की बात कही गई थी, लेकिन मौके पर सिर्फ जीविका विभाग का बोर्ड नजर आया। अन्य काउंटरों पर न तो कोई पहचान थी और न ही संबंधित विभाग की जानकारी उपलब्ध थी। इस वजह से शिविर लगभग सुनसान रहा और ग्रामीणों की संख्या भी काफी कम दिखी।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शिविर की जानकारी गांवों तक सही तरीके से नहीं पहुंची। कई लोगों को यह तक पता नहीं था कि शिविर कब, कहां और किस उद्देश्य से आयोजित किया गया है। ऐसे में जरूरतमंद लोग शिविर तक नहीं पहुंच सके।

वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि यदि शिविर की पर्याप्त जानकारी लोगों तक नहीं पहुंची है तो इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने भविष्य में आयोजित होने वाले शिविरों की जानकारी समय पर आम लोगों तक पहुंचाने का भरोसा दिया।

एसडीएम के संज्ञान में मामला आने के बाद काउंटरों पर कागज के बोर्ड लगाए गए। हालांकि, बीडीओ अवकाश पर थे।

शिविर में नोडल पदाधिकारी के रूप में रेफरल अस्पताल प्रभारी डॉ. दीप नारायण राम, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमर शर्मा और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुबोध कुमार मौजूद थे। वहीं, कई अन्य नामित नोडल पदाधिकारी मौके पर अनुपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र