सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन पूरे होने पर टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार के सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उनके साथ उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव सहित जिले के कई प्रशासनिक पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक संदेशों पर आधारित नृत्य एवं समूह गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कलाकारों की प्रस्तुति ने पूरे सभागार को उत्साह और उमंग से भर दिया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि सरकार के सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन जनता के प्रति जवाबदेही, पारदर्शिता और विकास के संकल्प को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम उनकी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रशासन और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषि देव ने भी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सेवा और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों और शिक्षकों की सराहना की। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक लोक नृत्य, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और प्रेरणादायक प्रस्तुतियां दीं। प्रत्येक प्रस्तुति पर दर्शकों ने जोरदार तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। टाउन हॉल में मौजूद अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों ने भी कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने समाज में एकता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, देशभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र