सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन परिसर पर अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी

 


सहरसा, 12 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड स्थित सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

स्टेशन परिसर में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना को लेकर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

लोगों ने महिला की पहचान करने का प्रयास किया।लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह स्टेशन परिसर में लोगों की नजर एक महिला पर पड़ी, जो अचेत अवस्था में थी। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना मानसी रेल थाना (जीआरपी) को दी।

सूचना मिलते ही मानसी जीआरपी की टीम सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने साथ ले गई। पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि उसकी पहचान कराई जा सके।

रेल थानाध्यक्ष रवि भूषण ने बताया कि सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मौत के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृत महिला पिछले कई दिनों से सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में भिक्षा मांगकर अपना जीवन यापन कर रही थी।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार