मोक्षदा गर्ल्स स्कूल में छात्राओं को दिए गए स्वरोजगार के गुर, 100 से अधिक छात्राएं हुईं शामिल
भागलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के आदमपुर स्थित मोक्षदा गर्ल्स इंटर स्कूल में बुधवार को छात्राओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय 'उद्यमिता जागरूकता शिविर' का सफल आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम ईस्टर्न बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। जागरूकता शिविर में विद्यालय की कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक की लगभग 100 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आधुनिक दौर में केवल नौकरी पर निर्भर न रहकर खुद का व्यवसाय या स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए ईबिया के अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। स्वरोजगार और लाइफ स्किल्स ही वह माध्यम हैं, जो भविष्य में उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाएंगे। उन्होंने छात्राओं को छोटे स्तर से व्यवसाय शुरू करने की बारीकियों और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, मोक्षदा गर्ल्स इंटर स्कूल की प्राचार्या डेजी ने ईस्टर्न बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ छात्राओं के लिए इस तरह के व्यावहारिक और कौशल-आधारित कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। यह सत्र छात्राओं में आत्मविश्वास भरने और उनके भविष्य की राह तय करने में मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं के बीच एक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जहां उद्योग विशेषज्ञों ने उनके करियर से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर