कटिहार में स्वगणना का शुभारंभ, पहले दिन 233 लोगों ने किया खुद अपना पंजीकरण

 


कटिहार, 17 अप्रैल (हि.स.)। भारत की जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत बिहार में आज से स्वगणना की विधिवत शुरुआत हो गई। इसी कड़ी में कटिहार में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम 6 बजे स्वगणना को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

मुख्य सचिव के निर्देश पर आज कटिहार विधायक, विधान परिषद सदस्य, महापौर और उपमहापौर का स्वगणना कार्य नगर निगम के अधिकारियों द्वारा पूरा कराया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री का स्वगणना कार्य प्रधान सचिव राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा उनके कार्यालय में किया गया।

इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से हो रही है। भारत सरकार ने नागरिकों को खुद अपनी जनगणना करने का अधिकार दिया है। इसके लिए http://se.census.gov.in नाम से स्वगणना पोर्टल बनाया गया है। कोई भी नागरिक इस पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से लॉग-इन कर स्वगणना कर सकता है।

डीएम ने बताया कि स्वगणना पोर्टल से शाम 5 बजे तक मिले प्रतिवेदन के अनुसार, आज जिले में कुल 233 लोगों ने अपना स्वगणना पूरा किया। जिले के सभी 24 चार्ज पदाधिकारियों ने अपने क्षेत्रों में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक कर स्वगणना को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों के कार्यालय प्रधानों को अपने अधीन सभी पदाधिकारियों और कर्मियों का स्वगणना कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सभी जनप्रतिनिधियों ने कटिहार के नागरिकों से अपील की है कि वे खुद आगे आकर पोर्टल पर अपना स्वगणना पूरा करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह