सीमांचल एक्सप्रेस पैंट्री कार कर्मचारियों की दादागिरी, सीट को लेकर मारपीट, छह हिरासत में
अररिया 01 जून(हि.स.)। आनंद विहार से जोगबनी चलने वाली सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12488 में पैंट्री कार कर्मचारियों की दादागिरी का शिकार अधिवक्ता और उनकी पत्नी हुई। जनरल बोगी में कब्जा जमाकर यात्रियों से पैसे लेकर सीट देने के सवाल पर कहासुनी में पैंट्री कार कर्मचारियों ने अधिवक्ता और उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर अधिवक्ता का सर फोड़ दिया। कथित रूप से महिला यात्री का मोबाइल और चेन छीन लिया गया। इतना ही नहीं फारबिसगंज स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर उसे रिसीव करने के लिए पहुंचे उनके दो भाइयों को भी पैंट्री कार कर्मचारियों ने ट्रेन के अंदर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की घटना की गई। जिसके बाद ट्रेन में लोकल सवार हुए यात्रियों ने हंगामा मचाना शुरू किया और चेन पुलिंग कर फारबिसगंज स्टेशन से आगे केजे 65 रेलवे फाटक से पहले फुलवरिया हाट के पास ट्रेन को रुकवाया और जीआरपी और आरपीएफ के साथ फारबिसगंज थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
जिसके बाद मौके पर फारबिसगंज डीएसपी राजकिशोर प्रसाद, फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार, आरपीएफ प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह, जोगबनी आरपीएफ प्रभारी अनूप तिवारी, अररिया आरपीएफ इंचार्ज जगदीश रजक, जोगबनी जीआरपी प्रभारी दीपनारायण हेम्ब्रम, एएसआई के. एन. सिंह समेत भारी संख्या में जीआरपी और आरपीएफ कर्मियों के साथ थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर आरोपित सभी छह पैंट्री कार कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए सभी छह पैंट्री कार के प्रभारी उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। गिरफ्तार पैंट्री कार कर्मचारियों से फारबिसगंज आरपीएफ कार्यालय में पूछताछ की जा रही है।
घटना को लेकर ढोलबज्जा वार्ड संख्या आठ के रहने वाले घायल अधिवक्ता अबू शमा और उसकी पत्नी नुसरत प्रवीण ने बताया कि उत्तरप्रदेश के चंदौली में सकलडीहा इंटर कॉलेज में नुसरत प्रवीण बीएड की परीक्षा देने के लिए गई थी।
परीक्षा संपन्न के बाद आरक्षित टिकट नहीं मिलने पर जनरल टिकट लेकर वे लोग दीनदयाल उपाध्याय नगर स्टेशन पर सीमांचल एक्सप्रेस संख्या वाले 12488 के जनरल बोगी में सवार हो गए। जैसे ही वे लोग जनरल बोगी में सवार हुए, उस बोगी पर पैंट्री कार के कर्मचारी कब्जा जमाए हुए थे और पैसे लेकर सीट पर यात्रियों को बैठने के लिए दे रहे थे।
करीबन एक घंटे तक खड़े रहने के बाद जब बैठने के लिए सीट देने की आरजू की गई तो वे लोग कहासुनी पर उतर गए और फिर मारपीट करना शुरू कर दिया।
पति के साथ मारपीट होता देख नुसरत प्रवीण जब उन्हें बचाने के लिए बीच बचाव के लिए गई तो उसके साथ भी मारपीट की गई। पैंट्री कार कर्मचारियों ने अधिवक्ता अबू शमा का सर फोड़ दिया। ट्रेन में ही एक गार्ड के दिखने पर जब शिकायत की गई तो उन्हें जनरल बोगी के दरवाजे पर खड़े होने के लिए कह दिया गया।
इसी दौरान ट्रेन में अबु शमा की तबीयत बिगड़ गई और नुसरत प्रवीण ने घर पर भाई को फोन कर रिसीव करने के लिए बुला लिया। फारबिसगंज स्टेशन पर पीड़िता के भाई मो.बरकत अली और मो.रहमत अली पिता नूर आलम पहुंचे। फारबिसगंज स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद ट्रेन खुलने पर पैंट्री कार कर्मचारियों ने जबरदस्ती दोनों भाइयों को ट्रेन में चढ़ा लिया और उनके साथ भी मारपीट करने लगा।
स्टेशन से आगे मारपीट का अन्य यात्रियों ने विरोध किया और फिर चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दिया। करीबन 40 मिनट ट्रेन केजे 65 रेलवे फाटक फुलवरिया हाट के पास ट्रेन रुकी रही और फिर जीआरपी और आरपीएफ सहित थाना पुलिस के आने के बाद आरोपित पैंट्री कार कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए गए पैंट्री कार कर्मचारियों में उत्तरप्रदेश के बरेली जिला के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बिलिया नारायणपुर के 23 वर्षीय गोपी पिता पूरनलाल, जालौन जिला के माधवगढ़ थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव के 24 वर्षीय गोविंद सिंह पिता विनोद सिंह, फिरोजाबाद जिला के टुंडला थाना क्षेत्र के टुंडला बन्ना गांव के 34 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार पिता रामखिलाड़ी, कासगंज जिला के सोरम थाना क्षेत्र के लहरा गांव के 22 वर्षीय सर्वेश कश्यप पिता प्यारेलाल, अलीगढ़ जिला के कुवारिशी थाना क्षेत्र के पंच विहार कॉलोनी के 23 वर्षीय अजीत कश्यप पिता प्रेम प्रकाश और फिरोजाबाद जिला के टुंडला बन्ना गांव के 28 वर्षीय राजकुमार पिता गेंदालाल शामिल हैं।
जीआरपी और आरपीएफ सबों से पूछताछ कर रही है। मामले को लेकर कांड दर्ज करने की बात आरपीएफ प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह ने करते हुए अग्रतर कार्रवाई करने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर