सीमांचल अधिकार मंच का नशा कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग
अररिया, 13 अप्रैल(हि.स.)।
सीमांचल अधिकार मंच के अध्यक्ष शाहजहां शाद ने फारबिसगंज में घटी घटना को निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण और मानवता को शर्मसार करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के संवेदनहीन होते स्वरूप को उजागर करती हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर दुख व्यक्त किया कि घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग मदद के लिए आगे आने के बजाय मूकदर्शक बने रहे और वीडियो बनाते रहे। अगर लोग मदद के लिए आगे आते तो आज दोनो व्यक्ति जिन्दा होते।उनके अनुसार, यह प्रवृत्ति सामाजिक मूल्यों के पतन को दर्शाती है और ऐसी मानसिकता पर गंभीर आत्ममंथन की आवश्यकता है।
शाहजहां शाद ने पूरे मामले की निष्पक्ष,पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए प्रशासन से अपील की है कि जांच के दौरान किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान या फंसाया न जाए। उन्होंने कहा कि सही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में तेजी से फैल रहे सूखे नशे के अवैध कारोबार पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशे का यह जाल युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहा है और कहीं न कहीं इस तरह की घटनाओं की जड़ में भी नशा एक बड़ा कारण बनकर उभर रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नशा कारोबार में संलिप्त तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और इस अवैध गतिविधि पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर