2018 सरकारी स्कूलों में महिला शिक्षिकाओं की सुरक्षा होगी पुख्ता, 90 दिनों के भीतर दर्ज करा सकेंगी शिकायत

 


भागलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत महिला शिक्षिकाओं और महिला कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। इस पहल के तहत अब कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, भेदभाव या उत्पीड़न के खिलाफ पीड़ित महिला शिक्षिका घटना की तारीख से 90 दिनों के भीतर लिखित शिकायत दर्ज करा सकेंगी।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने 10 नवंबर को इस संबंध में सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। निर्देश के मुताबिक, भागलपुर जिले के सभी 2018 सरकारी स्कूलों और विभागीय कार्यालयों में नियमानुसार आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य किया गया है। इस समिति की अध्यक्षता किसी वरिष्ठ महिला कर्मी द्वारा की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि महिला शिक्षिकाओं या कर्मियों के साथ किसी भी तरह के अभद्र व्यवहार को सरकारी सेवक के कदाचार की श्रेणी में माना जाएगा। शिकायत मिलने पर समिति प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप मामले की निष्पक्ष जांच करेगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित दोषी कर्मी के खिलाफ नियुक्ति प्राधिकार की ओर से तत्काल कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।भागलपुर जिले के 2018 सरकारी स्कूलों में 45 प्रतिशत से अधिक महिला शिक्षिकाएं कार्यरत हैं और ढाई लाख से अधिक छात्राएं पढ़ाई कर रही हैं। नई व्यवस्था से महिला शिक्षिकाओं को अपनी समस्या रखने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। साथ ही, विभाग ने महिला शिक्षिकाओं को कक्षा में पढ़ाने के अलावा छात्राओं का मेंटोर बनाने और अभिभावक-शिक्षक बैठकों में माताओं के साथ संवाद करने के लिए भी प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर