कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए 29 जुलाई से 29 अगस्त तक घाटों पर रहेगी एसडीआरएफ की तैनाती

 

कटिहार, 29 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन ने आगामी पावन श्रावण मास के दौरान विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आपदा प्रबंधन शाखा, कटिहार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत जिले के प्रमुख गंगा और अन्य नदी घाटों पर एसडीआरएफ की 3 विशेष टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो 29 जुलाई 2026 से 29 अगस्त 2026 तक मुस्तैद रहेंगी।

जारी आदेश के अनुसार, श्रावण मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए मनिहारी के गंगा व लंच घाट, बरारी के काढ़ागोला घाट और आजमनगर के झाऊआ घाट पर 01-01 टीम (प्रत्येक टीम में 6 जवान, 2 मोटरबोट और आवश्यक सुरक्षा उपकरण शामिल हैं) तैनात की गई है। मणहारी घाट के लिए नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी तथा बरारी व आजमनगर के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों को व्यय एवं समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे एसडीआरएफ कमांडर के साथ समन्वय स्थापित कर टीमों को लाने-ले जाने के लिए वाहन, भोजन, पेयजल और मोटरबोट के लिए ईंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस व्यवस्था पर होने वाले खर्च का वहन नगर निकायों के आंतरिक संसाधनों और जनसंख्या निष्क्रमण मद से किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, मेले के दौरान लगातार निगरानी और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अंचल स्तर पर आवश्यकतानुसार अल्प अवधि के लिए दंडाधिकारियों के साथ-साथ प्रशिक्षित स्वयंसेवकों जैसे गोताखोर, आपदा मित्र और सखी को भी श्रम संसाधन विभाग द्वारा निर्धारित पारिश्रमिक पर तैनात किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी, कटिहार द्वारा यह निर्देश श्रद्धालुओं के सुरक्षित और शांतिपूर्ण जलाभिषेक को सुनिश्चित करने के लिए जारी किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह