सुरक्षित बचपन अभियान का दिखा सकारात्मक असर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की मदद से नाबालिग बालिका का रेस्क्यू
सुपौल, 09 नवंबर (हि.स.)।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का सकारात्मक असर सामने आया है।
अभियान के तहत बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किए जाने के बाद एक नाबालिग बालिका ने हिम्मत दिखाते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया और अपने साथ हुई कथित यौन शोषण की घटना की जानकारी दी। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता और स्थानीय पुलिस के सहयोग से बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बालिका के पिता का पिछले कई वर्षों से कोई पता-ठिकाना नहीं है। वह अपनी मां के साथ दूर के रिश्तेदारों के यहां रह रही थी। इसी दौरान रिश्तेदार के एक बच्चे द्वारा कथित तौर पर उसके साथ यौन शोषण किए जाने की बात सामने आई। बालिका ने अभियान के दौरान मिली जागरूकता से प्रेरित होकर अपनी पीड़ा साझा करने और सहायता मांगने का साहस दिखाया।
चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना मिलते ही कर्मियों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई की और बालिका को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मामले में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस की ओर से मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए बालिका को आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराई। प्राधिकार की ओर से उसे निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की गई है। इसके साथ ही बालिका की सुरक्षा, संरक्षण, पुनर्वास और अन्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार का मानना है कि बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बाल शोषण एवं अपराधों की रोकथाम का महत्वपूर्ण माध्यम है। ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का मुख्य उद्देश्य बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा दुर्व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए जागरूक और सक्षम बनाना है।
प्राधिकार ने आमलोगों, विशेषकर अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न को नजरअंदाज न करें। ऐसी परिस्थिति में तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा पुलिस से संपर्क करें। पीड़ित बच्चों को कानूनी सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार सदैव तत्पर है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र