प्रभारी सचिव एवं डीएम ने सहयोग शिविरों का किया निरीक्षण, प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान के दिए निर्देश
अररिया 02 जून(हि.स.)।
जिला अंतर्गत मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविरों का प्रभारी सचिव मो. सोहैल एवं डीएम विनोद दूहन द्वारा संयुक्त रूप जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने बांसबाड़ी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का अवलोकन किया।
शिविर में प्राप्त अधिकांश मामले भूमि विवाद से संबंधित पाए गए, जिनमें भूमि परिमार्जन, लगान रसीद निर्गत करने, राजस्व अभिलेखों के सुधार तथा अन्य भू-राजस्व संबंधी मामलों की शिकायतें प्रमुख थी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में पुल निर्माण की आवश्यकता से संबंधित मांग भी रखी गई। साथ ही कुछ लोगों द्वारा अनधिकृत रूप से मिट्टी खनन किए जाने की शिकायत प्रभारी सचिव के समक्ष प्रस्तुत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को शिकायत की विधिवत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बांसबाड़ी पंचायत में सहयोग शिविर के निरीक्षण के उपरांत प्रभारी सचिव द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया, जिसमें बच्चों की कम उपस्थिति को देखते हुए संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को उपस्थिति बढ़ाने एवं सभी सरकारी योजनाओं का शतप्रतिशत लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया।
इसके उपरांत प्रभारी सचिव ने जोकीहाट प्रखंड के ढभरा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का भी निरीक्षण किया तथा वहां प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा प्राप्त शिकायतों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करें।
निरीक्षण कार्यक्रम के क्रम में प्रभारी सचिव ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-29 में आयोजित सहयोग शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित आम लोगों से संवाद करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर