कहलगांव के सेंट जोसफ स्कूल में प्रिंसिपल पर आरोप, एसडीओ ने की जांच

 


भागलपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के कहलगांव के सेंट जोसफ स्कूल पकड़तल्ला के प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल के प्रिंसिपल फादर बोनीफेस मरांडी पर एक अभिभावक ने उनके बच्चे के साथ प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार और अन्य संगीन आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता, जो कि एक योगा शिक्षिका हैं, ने आरोप लगाया है कि प्रिंसिपल ने न सिर्फ उनके साथ बल्कि उनकी दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कहलगांव के एसडीओ सूर्य कुमार सिंह खुद प्रशासनिक टीम के साथ गुरुवार को स्कूल पहुंचे और करीब तीन घंटे तक जांच की। इस टीम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, महिला हेल्प डेस्क, चाइल्ड हेल्प डेस्क, सीडीपीओ, अल्पसंख्यक विभाग और रसलपुर थाना की पुलिस शामिल रही।

प्रशिक्षु आईएएस सह एसडीओ कृष्ण चंद्र गुप्त ने बताया कि जांच के दौरान सेक्शुअल हैरेसमेंट, हर साल किताब बदलने और स्कूल परिसर में मनमाने दाम वसूलने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। फिलहाल, स्कूल के शिक्षकों, कर्मचारियों और संबंधित लोगों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है और पूरी जांच रिपोर्ट जल्द ही सौंपी जाएगी। इस पूरे मामले में प्रिंसिपल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने न तो जांच टीम से मुलाकात की और न ही फोन का जवाब दिया। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि आखिर सच क्या है और प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर