वीरपुर के सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालय का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण

 


सुपौल, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले के वीरपुर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन प्लस टू विद्यालय का शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार ने औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पठन-पाठन, अनुशासन, कंप्यूटर लैब तथा छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को रोस्टर तैयार कर सभी छात्राओं के लिए नियमित कंप्यूटर कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में प्रत्येक विद्यार्थी के लिए कंप्यूटर का ज्ञान आवश्यक है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।

एसडीएम विनय कुमार ने विद्यालय परिसर की शैक्षणिक गतिविधियों और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विकास की पर्याप्त संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को इन संभावनाओं का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी।

उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा समयबद्ध कक्षाओं के संचालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

साथ ही कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रखकर उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास से जुड़े गुणों का भी विकास किया जाए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिवार ने एसडीएम का स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से दिए गए सभी सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र