भाजपा जिला कार्यालय के पास से स्कॉर्पियो गाड़ी की चोरी,पुलिस जांच में जुटी
अररिया 25 जून(हि.स.)।
नगर थाना क्षेत्र के आश्रम चौक स्थित भाजपा कार्यालय के पास से गुरुवार को चार पहिया वाहन स्कॉर्पियो की चोरी हो गई।वाहन मालिक को जानकारी मिलने के बाद उन्होंने नगर थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित वाहन मालिक सुशील रजक जोकीहाट के बागेश्वरी गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सफेद रंग की स्कॉर्पियो वर्ष 2024 से सहकारिता विभाग में किराए पर लगी हुई थी। इस वाहन का उपयोग विभागीय कार्यों के लिए किया जाता था।
वर्तमान में सहकारिता पदाधिकारी के नियमित चालक के बीमार होने के कारण कार्यालय के क्लर्क भजन राम वाहन चला रहे थे। भजन राम ने बुधवार रात वाहन को आश्रम चौक स्थित भाजपा कार्यालय के समीप अपने किराए के मकान के बाहर सड़क किनारे खड़ा किया था। गुरुवार सुबह जब वाहन को देखा गया, तो वह वहां से गायब था।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक एक चारपहिया वाहन से मौके पर पहुंचते और कुछ ही देर में खड़ी स्कॉर्पियो को लेकर फरार होते दिख रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज मिलने से पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पीड़ित वाहन मालिक ने नगर थाना में आवेदन देकर वाहन की बरामदगी की मांग की है।वहीं मामले में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर