भीषण गर्मी में कटी बिजली तो भड़का कटिहार वासियों का आक्रोश

 


कटिहार, 04 जून (हि.स.)। कटिहार में भीषण गर्मी के बीच चरमराई बिजली व्यवस्था और लो-वोल्टेज से परेशान जनता का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। सामाजिक कार्यकर्ता पवन पोद्दार के नेतृत्व में आक्रोशित नागरिकों ने ऐतिहासिक शहीद चौक पर बिजली विभाग का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। बढ़ते दबाव और सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद के सख्त निर्देश के बाद, बिजली विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 11 महत्वपूर्ण स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर लगाने और 9 अतिरिक्त कर्मचारियों की बहाली की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस विरोध प्रदर्शन से दो दिन पूर्व, पवन पोद्दार ने कटिहार के सदर विधायक सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से मुलाकात की थी। ओवरलोडिंग और मैनपावर की कमी का मुद्दा उठने पर, विधायक तारकिशोर प्रसाद ने मौके पर ही कार्यपालक अभियंता को व्यवस्था में अविलंब सुधार करने के सख्त निर्देश दिए थे।

जनता के आक्रोश को देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौखिक आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर ट्रांसफार्मर बदलने, मैनपावर की कमी दूर करने और अन्य सभी तकनीकी समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा। विभाग के एक सप्ताह के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया है।

मीडिया को संबोधित करते हुए पवन पोद्दार ने स्पष्ट कहा, इस भीषण गर्मी में बिजली की किल्लत ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। विभाग ने 1 सप्ताह का समय मांगा है, इसलिए हम फिलहाल प्रदर्शन को विराम दे रहे हैं। लेकिन अगर एक हफ्ते के भीतर वादे पूरे नहीं हुए, तो आंदोलन उग्र रूप लेगा। जब तक कटिहार की जनता को पूरा हक नहीं मिल जाता, संघर्ष जारी रहेगा।

पुतला दहन और इस विरोध प्रदर्शन में शहर के विभिन्न वार्डों के कई प्रबुद्ध नागरिक, युवा और बिजली उपभोक्ता शामिल हुए। मौके पर मुख्य रूप से राणा सोनी, निगम चौधरी, जग्गा पासवान, जितेंद्र पोद्दार, अमलेश छोटू, हर्षित कुमार, आनंद कुमार, दीपक साह, अलोक ठाकुर, विक्की सिंह और राहुल सनातनी आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह