दरभंगा में आम उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना को लेकर पहल तेज, वैज्ञानिकों ने पुराने बागों का किया निरीक्षण
दरभंगा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा में आम उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की दिशा में पहल तेज हो गई है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के वैज्ञानिकों की टीम ने मंगलवार को जिले में संभावित स्थलों एवं पुराने आम के बगीचों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति का जायजा लिया। इससे दरभंगा को आम, उद्यान एवं बागवानी के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, लखनऊ के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार सिंह एवं कृषि विज्ञान केंद्र, मालदा के प्रमुख दुष्यंत राघव ने शुभंकरपुर सहित जिले के आधा दर्जन से अधिक पुराने आम के बगीचों का भ्रमण किया। वैज्ञानिकों ने पुराने बागों की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों तथा संभावित विकास की संभावनाओं की जानकारी ली।
सांसद ने बताया कि तीन दिन पूर्व उनके संसदीय कार्यालय में ‘मिथिला आम पर उत्कृष्ट शोध केंद्र’ की स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी। प्रस्तावित आम उत्कृष्टता केंद्र के माध्यम से आम की जैव विविधता के संरक्षण, मिथिला की स्थानीय एवं पारंपरिक किस्मों के विकास तथा पुराने बागों के जीर्णोद्धार पर काम किया जाएगा। इसके साथ ही फलदार बागों में सिंचाई, पोषण एवं व्याधि प्रबंधन को लेकर क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आम उत्पादन को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए प्रसंस्करण इकाइयों के विकास तथा उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर बाजार मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि दरभंगा सहित पूरे मिथिला क्षेत्र के आम, मखाना, मछली एवं मिथिला पेंटिंग को वैश्विक स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है। आम उत्कृष्टता केंद्र की पहल इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra