सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में विज्ञान सप्ताह शुरू, विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन
सारण, 28 जुलाई (हि.स.)। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर में आज विज्ञान सप्ताह का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ विज्ञान शिक्षक अनिल कुमार आजाद, शिक्षिका ऋचा गुप्ता एवं संगीता कुमारी ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन को सरल और समृद्ध बनाने का माध्यम है। उन्होंने छात्रों से अंधविश्वास से दूर रहकर तार्किक चिंतन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।
प्रभारी प्रधानाचार्य राजेश कुमार पाठक ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन में दैनिक जीवन में विज्ञान के प्रयोग, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता, वृक्षारोपण और विज्ञान प्रश्नमंच जैसी गतिविधियां होंगी। कार्यक्रम में मणि भूषण सिन्हा, गीतांजलि सहित सभी शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार