सैनिक स्कूल सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर में विज्ञान मेला आयोजित, बाल वैज्ञानिकों ने दिखाए अनूठे मॉडल
भागलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। स्थानीय सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में मंगलवार को विद्यालय स्तरीय विज्ञान मेला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव डॉ. चंद्रभूषण सिंह, प्रधानाचार्य अमरेश कुमार एवं उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं श्रीफल फोड़कर किया। इस विज्ञान मेले में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विज्ञान, संगणक (कंप्यूटर) और गणित विषयों पर कुल 90 आकर्षक मॉडल तैयार किए। प्रतियोगिता में बाल वर्ग, किशोर वर्ग और तरुण वर्ग के छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। मेले में छात्रों ने नवाचार के तहत संवेदक (सेंसर्स), घर्षण, मानव हृदय की कार्यप्रणाली, परमाणु संरचना और गति के नियमों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। गणित विषय में सर्वसमिका, बहुभुज एवं नवाचार पर मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, संगणक (कंप्यूटर) क्षेत्र में बाल वैज्ञानिकों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आईसीटी, स्टार्टअप तथा साइबर सुरक्षा जैसे आधुनिक एवं संवेदनशील विषयों पर शानदार मॉडल तैयार कर अपनी तकनीकी समझ का लोहा मनवाया। निर्णायकों के अंतिम फैसले के आधार पर विज्ञान (किशोर वर्ग) में अनुभव कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। परमाणु संरचना मॉडल पर बिंदुसार रोली को प्रथम तथा मानव हृदय मॉडल पर सृष्टि कुमारी को प्रथम स्थान मिला। इसी वर्ग में मुस्कान भी प्रथम स्थान पर रहीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विषयों एवं सभी वर्गों के सफल छात्र अब आगामी विभागीय (प्रांतीय) विज्ञान मेला में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे और उसमें सम्मिलित होंगे। इस गरिमामयी अवसर पर चंद्रचूड़ कुमार, शांतनु आनंद, महेश कुमार, विज्ञान प्रमुख सिद्धार्थ कुमार सिंह, उप प्रधानाचार्य अभिनंदन कुमार, सुगंधा कुमारी, प्रभा झा, विनोद कुमार पांडे, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा सहित विद्यालय के सभी आचार्य बंधु एवं भगिनी उपस्थित थे। सभी ने बाल वैज्ञानिकों के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर