बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ की सुपौल जिला इकाई गठित, सुमन कुमार बने जिलाध्यक्ष

 


सुपौल, 20 सितंबर (हि.स.)। बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ की सुपौल जिला इकाई का गठन रविवार को शहर स्थित सार्थक प्राइमरी एकेडमी, गौरवगढ़, सुपौल में आयोजित बीपीएससी से नियुक्त शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक में किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, शिक्षकों की समस्याओं एवं उनके अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिला संरक्षक राजन चमन ने की। वहीं सहरसा जिला अध्यक्ष डॉ. विकाश कुमार एवं प्रदेश सचिव इन्द्र नयन झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने संगठन की आवश्यकता, एकजुटता एवं शिक्षकों के हितों के लिए संगठित होकर कार्य करने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ, जिला इकाई सुपौल की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सुमन कुमार को जिलाध्यक्ष, अम्बेडकर कुमार को महासचिव तथा विभूति कुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने संगठन को जिले में मजबूत एवं प्रभावी बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के अधिकार, सम्मान एवं हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा संगठन के माध्यम से शिक्षकों को एकजुट करने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष सुमन कुमार ने कहा कि संगठन जिले के शिक्षकों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से प्रयास किया जाएगा।

महासचिव अम्बेडकर कुमार ने कहा कि संगठन की जिला इकाई को सक्रिय बनाकर शिक्षकों की समस्याओं एवं सुझावों को उचित स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। बैठक के अंत में उपस्थित शिक्षकों एवं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की एकता, मजबूती और शिक्षक हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र