नरपतगंज प्रावि बरदाहा के प्रधान शिक्षक निलंबित
अररिया 19 सितम्बर(हि.स.)। मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में अनियमितता, ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही तथा विद्यालय संचालन से संबंधित अन्य मामलों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा शनिवार को आदेश जारी कर नरपतगंज के प्राथमिक विद्यालय बरदाहा के प्रधान शिक्षक मो. नईमुद्दीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, नरपतगंज निर्धारित किया गया है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन योजना, अररिया के पत्र के आलोक में 15 सितंबर को प्राथमिक विद्यालय बरदाहा का स्थलीय निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 145 नामांकित विद्यार्थियों के विरुद्ध 84 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। वहीं, प्रधान शिक्षक द्वारा बताया गया कि पौने एक बजे ही विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गई थी, जिसके कारण विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना का संचालन नहीं किया गया था।
जारी कार्यालय आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि 10 सितंबर 2026 से विद्यालय में प्रधानमंत्री पोषण योजना के संचालन प्रधान शिक्षक द्वारा बाधित रखा गया, जिससे इसका लाभ विद्यार्थियों को नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय संचालन से संबंधित अभिलेखों तथा ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति की भी समीक्षा की गई।
ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज विवरण के अनुसार 10 सितंबर को 75, 11 सितंबर को शून्य, 12 सितंबर को 56 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। 13 सितंबर को रविवार एवं 14 सितंबर को हरितालिका तीज का अवकाश था, जबकि 15 सितंबर को 75 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई थी।
आदेश में प्रधान शिक्षक पर ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से उपस्थिति दर्ज किए बिना मध्याह्न भोजन योजना का संचालन करने तथा मध्याह्न भोजन से लाभान्वित विद्यार्थियों से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने, विभाग के साथ धोखाधड़ी एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति से संबंधित अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं।
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली, 2005 के सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए मो. नईमुद्दीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही, निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केन्द्र, नरपतगंज निर्धारित किया गया है। उनके विरुद्ध आरोप पत्र अलग से निर्गत किए जाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर