राधेश्याम पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनी गांधी जयंती

 




सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राधेश्याम पब्लिक स्कूल, सुपौल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान विद्यालय के निदेशक, चेयरमैन, प्राचार्य, अकादमिक कोऑर्डिनेटर, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने गांधीजी को श्रद्धापूर्वक याद किया।

विद्यालय के निदेशक डॉ. विजय कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, अनुशासन और सेवा की प्रेरणा देता है। वहीं चेयरमैन डॉ. राधेश्याम यादव ने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को नई दिशा दी। उनके आदर्श आज भी समाज, युवाओं और बच्चों के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने बच्चों से गांधीजी के जीवन से प्रेरणा लेकर अच्छे संस्कार अपनाने की अपील की। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती बीना पॉल ने कहा कि गांधी जयंती केवल स्मरण दिवस नहीं, बल्कि स्वच्छता, सत्य, अहिंसा और अनुशासन को जीवन में अपनाने का अवसर है। उन्होंने बच्चों से गांधीजी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गांधीजी के जीवन एवं विचारों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय परिसर में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। बच्चों ने गांधीजी के रूप में झांकी प्रस्तुत कर उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र