स्कूली बच्चों को किया गया जागरूक

 




पश्चिम चम्पारण(बगहा), 30 अक्टूबर(हि.स. )। अखिल भारतीय सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शुक्रवार को बगहा पुलिस की ओर से राजकीय प्राथमिक बुनियादी विद्यालय, हरनाटांड़ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी उपायों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल सुरक्षा, बाल अधिकार, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार का सामना करने पर चुप रहने या डरने के बजाय अपने अभिभावक, शिक्षक अथवा पुलिस पदाधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

इस दौरान बच्चों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में भी बताया गया, उन्हें अनजान लोगों के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने, ऑनलाइन गतिविधियों में सतर्कता बरतने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) के कार्य तथा बच्चा और महिलाओं की सुरक्षा में पुलिस दीदी की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112, महिला सहायता के लिए 181, बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 की जानकारी देकर इनके उपयोग के बारे में समझाया गया।

इस जागरूकता कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय, एएचटीयू की टीम, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें। अधिकारियों ने बच्चों को जागरूक, सतर्क और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी